एकमा में बड़ा हादसा टला, 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से बचे कई लोग
घर के बाहर खड़ी कार हुई क्षतिग्रस्त, सीढ़ी लगाकर निकली महिलाएं
विनीत कुमार, एकमा
एकमा नगर पंचायत के हँसराजपुर गांव में  सोमवार की अहले सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। विद्युत प्रवाहित 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से कई लोग बच गए। हालांकि इस दौरान भागने व अपनी जान बचाने के क्रम में कुछ लोग को मामूली रूप से चोट आई है।
      इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की अहले सुबह हँसराजपुर गांव के नहर पर किसी वाहन ने बिजली के पोल में ठोकर मार दिया जिससे पोल टूट कर गिर पड़ा। जब पोल टूटा उस समय विद्युत आपूर्ति जारी थी। 

तार गिरने के साथ ही आसपास आग की चिंगारी उड़ने लगी। जब यह घटना घटी तो कई लोग सोये हुवे थे। आसपास के लोगो ने हो हल्ला किया।
     स्वर्गीय कैलाश प्रसाद के पुत्र विक्की ने अपने घर का मेन स्विच काटा जिसके कारण कई लोगो की जान बची। प्रत्यक्षदर्शी बता रहे थे कि कैलाश प्रसाद के घर के मुख्य गेट में करेंट दौड़ रहा था जिस कारण गेट हिल रहा था व उससे घन घन की आवाज़ आ रही थी। 
स्थानीय लोगो ने घर के पिछले हिस्से से सीढ़ी लगाकर महिलाओं को बाहर निकाला जबकि पुरुष फांद कर भागे। नजदीक के सुशील प्रसाद के घर मे भी आंशिक क्षति हुई है। हालांकि सुशील के घर मे कोई नही था।

जेई व बिजली कर्मियों ने नही उठाया फ़ोन, बिजली कर्मी चालू करते रहे लाइन
—–
एकमा पीएसएस के कर्मियों के तो क्या कहने है। स्थानीय लोगो ने जब इन घटना की सूचना देने व बिजली आपूर्ति काटने के लिए एकमा जेई गौतम कुमार को कॉल किया तो उन्होंने फोन नही उठाया। वही एकमा ग्रिड के सरकारी नंबर पर भी लोगो ने कई बार फोन किया मगर किसी ने फोन नही उठाया। 
    स्थानीय लोगो ने बताया कि जब 11 हजार वोल्ट के तार में शार्ट लगा तो बिजली कट गई। मगर एकमा ग्रिड के कर्मियों ने फिर लाइन चालु कर दिया। फिर शार्ट लगा और बिजली ट्रिप कर कट गई। ऐसा करीब पांच छः बार हुआ। वो तो शुक्र था कि 11 हजार वोल्ट के सभी तार एक दूसरे में चिपक गए थे जिस कारण आते ही बिजली कट जा रही थी। अन्यथा एकमा में आज बड़ा हादसा हो जाता व कई लोगो की जान चली जाती।

कुछ युवाओ ने बिजली आफिस पहुँचकर लाइन कटवाया।
     इस घटना की भयावहता का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते है कि जहा पोल गिरा वही एक कार खड़ी थी। कार की बॉडी व शीशे पिघलने लगे। अगर बिजली ट्रिप नही करती तो कार में आग लगना स्वाभाविक था।
    कैलाश के घर से करीब 100 मीटर दूर रत्नेश गिरी के मकान में भी बिजली का करंट दौड़ने लगा जिस कारण लोग घर से चिल्लाते हुवे भागने लगे। स्थानीय लोगो ने कहा कि महादेव की ही कृपा है कि बड़ा हादसा टल गया अन्यथा गांव में मातम छा जाता।
इस दौरान घायल लोगो का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एकमा में किया गया।