मांझी। मांझी कोपा सड़क पर मरहां के समीप स्थित सोंधी नदी पर बने पुल के नीचे डूबे व्यक्ति का शव दूसरे दिन नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजन फफक फफक कर रोने लगे। शव निकलते ही देखने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। बाद में मांझी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। मालूम हो कि मंगलवार की शाम नदी पर बने पुल से छलांग लगाकर नहा रहे युवक की डूबने से मौत हो गई थी। तभी पुल के पास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का भी प्रयास किया था लेकिन उसे बचाया नही जा सका। बुधवार को समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान के अथक प्रयास के बाद गोताखोरों के द्वारा शव को ढूंढ निकाला गया। मृतक गोपालगंज जिला अंतर्गत फुलवरिया थाना क्षेत्र के कोयला देवा गांव निवासी संतोष पासी बताया गया है।