सुबह बिजली के लिए लोगो ने किया प्रदर्शन, दोपहर में पहुँचे विधायक, ऑन स्पॉट जेई को बुलाकर कहा स्थिति सुधारिये
विनीत कुमार, छपरा
छपरा शहर के गुदरी बाजार के निकट न्यू नारायणपुर कॉलोनी के निवासियों ने अनियमित विद्युत आपूर्ति व लो वोल्टेज की समस्या को ले शुक्रवार को प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि आये दिन न्यू नारायणपुर कॉलोनी में बिजली की समस्या रहती है लेकिन इस ओर कोई ध्यान नही देता।
न्यू नारायणपुर कॉलोनी के रामदेव मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को बिजली का तार टूटकर उनपर गिरने से बच गया। उन्होंने कहा कि महीने में कई बार इस कॉलोनी में तार टूट जाता है लेकिन विभाग ध्यान नही देता जिस कारण हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
मनोज राय ने बताया कि बिजली के तार 8 फीट से भी कम ऊंचाई पर है। कॉलोनी में स्कूली वाहन भी आते हैं जिस कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

दोपहर में नारायणपुर कॉलोनी पहुँचे विधायक, जेई को आपूर्ति सुधारने का दिया निर्देश
न्यू नारायणपुर मुहल्ले के लोगों की समस्या जानकर विधायक डॉ सीएन गुप्ता दोपहर में गुदरी पहुँचे। उन्होंने मौके पर ही काशी बाजार के जेई राजकुमार को बुलाया व समस्या के बारे में जाना। विधायक ने जेई से कहा कि शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुधारिये और इन जर्जर तारो को बदलिए। विधायक डॉ गुप्ता ने कहा कि शीघ्र यदि इस ओर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था नही सुधरी तो हमे इसकी शिकायत वरीय अधिकारियों से करनी होगी।

15 दिनों में बदल दिया जाएगा तार, सुधरेगी आपूर्ति भी : जेई
विधायक द्वारा निर्देश दिए जाने के बाद जेई राजकुमार ने कहा कि 15 दिनों के भीतर न्यू नारायणपुर मुहल्ले में कवर्ड तार लगवा दिए जाएंगे जिससे कि लो वोल्टेज की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।
इस दौरान जेपी वर्मा, रत्नेश्वर सिंह, विनय सिंह, रामानंद सिंह, मनोज राय, बेबी देवी समेत कई लोग उपस्थित थे।