एकमा प्रखंड के छपिया गांव में सीएम के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर

फोटो : एकमा के छपिया में सीएम के कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का निरीक्षण करते कमिश्नर, डीएम, आईजी, एसपी व अन्य अधिकारीगण

—-

कमल सिंह सेंगर,

छपरा (सारण) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी जल-जीवन-हरियाली यात्रा के सारण जिले के एकमा प्रखंड के परसा पूर्वी पंचायत के छपिया गांव में चल रही तैयारियों का निरीक्षण गुरुवार को सारण आयुक्त रॉबर्ट एल चोंग्थू, डीएम सुब्रत कुमार सेन, डीआईजी विजय कुमार वर्मा व एसपी हर किशोर राय आदि ने तैयारियों का निरीक्षण अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया।

इस मौके पर बीडीओ डॉ कुंदन, सीओ सुशील कुमार मिश्र, स्थानीय ग्राम पंचायत के मुखिया अशोक यादव व थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे। प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने यहां निर्माण हो रहे हेचरु प्लांट का निरीक्षण किया। अधिकारियों की टीम ने बताया कि जलाशय के सुंदरीकरण का कार्य प्रगति पर है। यहां मवेशी, मछली और बत्तख पालन से संबंधित सभी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सभी विभागों की योजनाओं की जानकारी देने हेतु प्रदर्शनी और स्टाल निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
इस दौरान डीएम सुब्रत कुमार सेन ने छपिया गांव के जलाशय के आसपास के सभी पहुंच पथों पर सड़कों की ईटींकरण कराए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए समय सीमा के अंदर इसे पूरा कर लेने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले ग्रामीण सभी संपर्क सड़कों का पक्कीकरण भी समय सीमा के भीतर किया जाएगा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सीएम नीतीश कुमार के इस जल जीवन हरियाली यात्रा के कार्यक्रम हेतु चयनित छपिया गांव के जलाशय तक पहुंचने वाले मुख्य सड़क से सभी गांव से होकर जोड़ने वाली सड़कों को काली पट्टी वाली पिच समय सीमा के अंदर पूरा कराने हेतु जोरों पर कार्य चल रहा है।
बहरहाल, जिले के एकमा प्रखंड के छपिया में सीएम की प्रस्तावित यात्रा को लेकर अभी तक अंतिम रूप से तिथि की घोषणा नहीं हुई है। लेकिन आगामी 22 दिसंबर को सीएम के आगमन की प्रबल संभावना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर है। इसके तहत डीएम ने अपने सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों को जिले के एकमा प्रखंड का दौरा कार्यक्रम स्थल और आसपास के संस्थानों को रंग रोगन कराने का निर्देश दिया है।