• चार का पटना में चल रहा इलाज , तीन पीड़ितों को दृष्टि से जुड़ी समस्या, महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित मद्य निषेध थाना के थानाध्यक्ष पर कार्रवाई
  • जांच में जुटी पुलिस, 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

    परवेज़ अख्तर/सिवान। सिवान के भगवानपुर थाना क्षेत्र माघर और कौड़िया गांव में मंगलवार की देर शाम जहरीली शराब के सेवन करने से बुधवार की सुबह आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई।जबकि 11 अन्य की तबीयत बिगड़ गई,इनमें तीन के आंख की रोशनी चले जाने की सूचना थी।घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी मुकुल गुप्ता और एसपी अमितेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। दोनों पदाधिकारियों की देखरेख में सभी पीड़ितों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।सदर अस्पताल में इलाज के लिए कुल आठ लोगों को लाया गया जहां चार की स्थिति गंभीर देख चार को पटना रेफर कर दिया गया। शेष का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा था। मृतकों की पहचान थाना क्षेत्र के कौड़िया वैश्य टोला निवासी रमेंद्र कुमार, बिट्टू कुमार, खैरवा निवासी लगन मुसहर व माघर निवासी मोहन साह एवं अन्य के रूप में हुई है।वहीं दिनेश राम, रामू राम व विवेक कुमार को दिखाई नहीं देने की शिकायत थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। हालांकि जिला प्रशासन ने मौत का कारण स्पष्ट ना करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला दिया। मामले में डीएम ने कार्रवाई करते हुए खैरवा के चौकीदार सुरेश मांझी व सुघरी के भानु पासवान को निलंबित कर दिया है। जबकि भगवानपुर थानाध्यक्ष व महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित मद्य निषेध थाना के थानाध्यक्ष पर कार्रवाई करने की अनुशंसा वरीय पदाधिकारियों से की। जबकि एडीएम के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच के आदेश दिए। वहीं एसआइटी भी कांड में संलिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए छापेमारी में जुटी थी। घटना के बाद से उक्त दोनों गांवों में अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार, एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन के नेतृत्व में पदाधिकारी व पुलिस बल कैंप कर रही है। सूचना प्रेषण तक एसआइटी द्वारा 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई थी। बता दें कि इसके पूर्व भगवानपुर प्रखंड में 16 अक्टूबर 2022 में भी जहरीली शराब के सेवन से पांच लोगों की जान चली गई थी। वहीं 23 जनवरी 2023 को भी लकड़ीनबीगंज के भोपतपुर पंचायत के बाला गांव में जहरीली शराब (स्प्रिट) से छह लोगों की जान चली गई थी। जबकि 12 से अधिक लोग बीमार हो गए थे। खबर लिखे जाने तक मृतकों की संख्या बढ़ रही है इलाजरत शराब के सेवन करने वालों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।

कहते हैं अधिकारी:

भगवानपुर प्रखंड के दो गांव में लोगों के मौत की सूचना मिली। टीम बनाकर जांच की गई। जहां 15 लोगों की तबीयत खराब पाई गई। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। सदर अस्पताल आने के क्रम में तीन की मौत हो गई, जबकि एक की पटना जाने के क्रम में हो गई। 11 इलाजरत हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। स्थानीय लोगों द्वारा शराब सेवन की बात कही गई है जांच के बाद सबकुछ स्पष्ट होगा।–
मुकुल कुमार गुप्ता,
जिलाधिकारी सिवान