सिवान :इंटर परीक्षा के तीसरे दिन कदाचार के आरोप में चार परीक्षार्थी निष्कासित
# प्रथम पाली में भौतिकी एवं योगा तथा द्वितीय पाली में इतिहास और अंग्रेजी की परीक्षा ली गई
प्रवेज़ अख्तर/ सिवान :
इंटर परीक्षा के तीसरे दिन गुरुवार को भी तमाम परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त चौकसी दिखी। सभी 32 केंद्रों पर परीक्षा के दौरान तैनात दंडाधिकारी से लेकर वीक्षक तक सतर्क दिखे। तीसरे दिन की परीक्षा के दौरान कदाचार के आरोप में जिला मुख्यालय के चार परीक्षा केंद्रों से चार परीक्षार्थियों को कदाचार के आरोप में परीक्षा हाल से निष्कासित कर दिया गया। परिक्षर्थियों को डीएवी पीजी कॉलेज, दरोगा राय डिग्री कॉलेज, इस्लामिया हाई स्कूल एवं महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर मखदूम सराय से निष्कासित किया गया। निष्कासित छात्र या उनके अभिभावकों से जुर्माना राशि की वसूली की गई। निष्कासित किए गए परीक्षार्थी अब आगे की परीक्षा नहीं दे पाएंगे। इसके पूर्व गुरुवार को तीसरे दिन की परीक्षा के दौरान दोनों पालियों में सभी केंद्रों पर शांति का माहौल कायम रहा। परीक्षा केंद्र पर तैनात जवानों की सतर्कता के कारण लोगों की भीड़ केंद्र के बाहर नहीं दिखी। सुबह परीक्षा शुरू होने के साथ ही हरेक केंद्र की कड़ी चौकसी शुरू कर दी गई। सुबह दस बजे से ही अधिकारियों के वाहन परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। वरीय अधिकारियों के अलावा उड़नदस्ता टीम के अधिकारियों ने सभी केंद्रों की जांच पड़ताल की। सभी केंद्रों पर परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व ही छात्र-छात्राओं की तलाशी ली गई। छात्राओं की तलाशी के लिए सभी केंद्रों पर महिला शिक्षिका अथवा महिला पदाधिकारी की तैनाती की गई थी। सभी केंद्रों पर सुबह से ही कड़ी चौकसी होने के कारण कहीं से भी किसी अभिभावकों के पकड़े जाने की सूचना नहीं मिली। बता दे कि पहली पाली में भौतिकी एवं योगा तथा द्वितीय पाली में इतिहास और अंग्रेजी की परीक्षा संपन्न हुई। पहली पाली में कुल 22 हजार 637 परिक्षर्थियों में से 22 हजार 306 उपस्थित रहे तथा 331 अनुपस्थित रहे। वही द्वितीय पाली में छह हजार 100 में से छह हजार 22 परीक्षार्थी उपस्थित थे तथा 78 अनुपस्थित थे। यानि दोनों पालियों को मिलाकर कुल 28 हजार 737 परिक्षर्थियों में से 28 हजार 328 परीक्षार्थी शामिल थे तथा 409 अनुपस्थित थे तथा चार निष्कासित हुए।
—
सभी केंद्रों पर रही पर्याप्त चौकसी
सभी परीक्षा केंद्रों पर तीसरे दिन चाक-चौबंद व्यवस्था दिखी। इस दौरान केंद्र पर तैनात जवान चौकस दिखे। यहीं कारण रहा कि केंद्रों के आसपास पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस बल के चौकन्ना रहने के कारण हरेक परीक्षा केंद्र पर शांति का माहौल कायम रहा।
—