सिमरी बख्तियारपुर: शादी का झांसा देकर नाबालिग से दो साल तक यौन शोषण, जेवरात ठगने का भी आरोप
आरोपी के परिजनों पर धमकाने और आरोपी को छिपाने का आरोप
पंचायत में पहचानने से भी मुकरा प्रेमी, जबकि पीड़िता के पास मौजूद हैं कई तस्वीरें
सिमरी बख्तियारपुर (संवाददाता) बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद के वार्ड संख्या 20 में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नाबालिग लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देते हुए दो वर्षों से अधिक समय तक उसके साथ यौन शोषण किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी पर पीड़िता के घर से लाखों रुपये के जेवरात ठगने का भी आरोप लगा है।
इस संबंध में पीड़िता की मां ने बख्तियारपुर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी नीरज कुमार (पिता विनोद कुमार) नगर परिषद के वार्ड संख्या 22 का निवासी है। आरोप है कि उसने एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसाया। वह चोरी-छिपे लड़की को अपने घर बुलाता था और शादी का भरोसा दिलाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर घर में ही उनकी बेटी के साथ विवाह भी कर लिया था।
जेवरात लेकर हुआ फरार…!
आवेदन में बताया गया है कि करीब 10-15 दिन पूर्व आरोपी ने पीड़िता को साथ ले जाने की बात कहकर घर के जेवर लाने को कहा। उसके बहकावे में आकर नाबालिग ने घर से एक सोने की चेन, पायल, कान के दो उपरकन्ना सहित अन्य कीमती जेवरात आरोपी को सौंप दिए। जब मां ने घर में जेवर नदारद देखे और कड़ाई से पूछताछ की, तो पीड़िता ने रोते हुए पूरी आपबीती बताई।
पंचायत में मुकरा, दूसरी जगह तय कर ली शादी…!
घटना की जानकारी होने पर मामला सामाजिक स्तर पर पंचायत में रखा गया। पंचायत के दौरान आरोपी नीरज और उसके परिजनों ने न केवल जेवरात लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि आरोपी ने पीड़िता को पहचानने तक से मना कर दिया। हालांकि, पीड़िता का दावा है कि उसके पास आरोपी के साथ कई तस्वीरें साक्ष्य के रूप में मौजूद हैं।
इसी बीच पीड़िता के परिवार को पता चला कि आरोपी के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी है। जब वे शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे, तो परिजनों ने नीरज को किसी रिश्तेदार के यहाँ छिपा दिया और पीड़िता के परिवार को धमकी दी कि अगर उन्होंने मुंह खोला तो अंजाम बुरा होगा।
पुलिस का बयान…!
इस मामले में बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
खबर श्रोत : ब्रजेश भारती के वाल से




Recent Comments