पछियारी टोला, महुआबाग और बतरौली के कटाव रोकने को व्यापक प्रबंध
सांसद रुडी के प्रयास से जल संसाधन विभाग ने कटाव रोकने का किया प्रबंध

छपरा(सारण), 11 अक्टूबर, 2019 । अलग-अलग चार स्वतंत्र पंचायतों सबलपुर उत्तरी, सबलपुर पश्चिमी, सबलपुर मध्यवर्ती और सबलपुर पूर्वी के रूप में मान्यता प्राप्त राज्य के सबसे बड़े ग्राम पंचायत सबलपुर के निवासियों को स्थानीय सांसद सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी के प्रयास से बड़ी राहत मिली है। पिछले दिनों गंगा का जलस्तर बढ़ने से करीब आधे किलोमीटर से अधिक जमीन कटाव के कारण गंगा नदी में विलीन हो गई। साथ ही कुछ बस्तियों की दूरी कटाव स्थल से महज दस मीटर ही रह गई है। लगातार हो रहे कटाव के कारण कई परिवार गांव से पलायन कर चुके है वहीं गांव में रह रहे लोग दहशत के माहौल में जी रहे थे। जलस्तर के कारण यह पंचायत गंगा में विलीन होने की स्थिति में आ गया था। ग्रामीणों व स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना अपने सांसद श्री राजीव प्रताप रुडी तक पहुंचाई और कटाव से बचाने की गुहार लगाई। सांसद ने भी इस पर विशेष संज्ञान लेते हुए क्षेत्र को कटाव से बचाने के लिए व्यापक प्रबंध करवाया। कार्यपालक अभियंता श्री विनोद कुमार ने बताया कि सबलपुर पछियारी टोला, महुआबाग और बतरौली घाट पर तेजी से हो रहे कटाव को रोकने के लिए व्यापक प्रबंध किये जा रहे है और शीघ्र ही कटाव को रोक दिया जायेगा। साथ ही अन्य स्थानों पर भी कटाव रोकने के प्रबंध भी किये जा रहे है।

सारण लोकसभा क्षेत्र अन्तर्गत सबलपुर उपजाऊ भूमि वाला क्षेत्र है और यहां के निवासियों की मुख्य जीविका भी कृषि हीं है। इतना महत्वपूर्ण क्षेत्र होने के बावजूद इस बार गंगा में बढ़े जलस्तर के कारण ग्रामीण भयक्रांत थे। सूचना मिलते ही स्थानीय सांसद श्री रुडी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय झा से बात की और साथ ही अन्य ऐजेंसियों को भी आगाह किया। श्री रुडी ने जल संसाधन मंत्री श्री झा से सबलपुर को कटाव से बचाने के लिए पत्र भी लिखा और साथ ही अमनौर के पूर्व विधायक मंटू सिंह और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल भी इस विषय पर मंत्री श्री संजय झा से बात करने के लिए भेजा। श्री रुडी ने जल संसाधन मंत्री से ऐसे हो रहे कटाव को रोकने के लिए रिंग बांध बनाने की बात कही और त्वरित रूप से सबलपुर में गंगा के कटाव को रोकने के लिए व्यापक प्रबंध करने की बात कही। श्री रुडी से विमर्श के पश्चात जल संसाधन मंत्री ने अधीक्षण अभियंता से कटाव रोकने के लिए हो रहे कार्यों की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के साथ ही शाम तक ततसंबंधी रिपोर्ट देने को कहा। सांसद ने जल संसाधन के कार्यापालक अभियंता श्री विनोद कुमार से भी इस विषय पर चर्चा की और शीघ्रातिशीघ्र कटाव को रोकने के लिए प्रबंध करने की बात कही। श्री रुडी के प्रयास से अब उन स्थानों पर गंगा का कटाव रोकने संबंधी कार्यों में तेजी आई है और शीघ्र ही जहां पहले तेजी से कटाव हो रहा था उसे, रोक लिया जायेगा।

विदित हो कि सबलपुर पश्चिमी पंचायत के शिव मंदिर के समीप एवं उतरी पंचायत के महुआ बाग बतरौली में गंगा नदी के किनारे कटाव ने विकराल रूप ले लिया था। पिछले दिनों से हो रहे कटाव से किसानों की कृषि योग्य भूमि का बड़ा भाग गंगा में समाहित हो गया था। स्थानीय सांसद श्री राजीव प्रताप रुडी जी के प्रयास से कटाव को रोकने के व्यापक प्रबंध से अब इस क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।