
जिले के पश्चिमी क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिला प्रसाशन की पहल का किया स्वागत
छपरा (सारण)। सारण जिला में प्रशासनिक कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अमन समीर ने राजस्व एवं पुलिस अनुमंडलों के क्षेत्राधिकार में एकरूपता लाने के लिए बैठक आयोजित की।बताया गया है कि वर्तमान में जिले में पांच पुलिस अनुमंडल हैं, जबकि केवल तीन राजस्व अनुमंडल कार्यरत हैं। इस असमानता के कारण प्रशासनिक कार्यों में समन्वय की कमी व विधि-व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कम से कम एक नया राजस्व अनुमंडल गठित किया जाएगा। जिसमें कुछ प्रखंडों को सदर अनुमंडल से अलग कर नए अनुमंडल में शामिल किया जाएगा। इस संबंध में आगामी 15 दिनों में अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भेजेंगे।
यह पहल जिले में प्रशासनिक ढांचे को अधिक प्रभावी व समन्वित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिससे नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।
उधर जिला प्रशासन की इस पहल का छपरा सदर अनुमंडल के पश्चिमी क्षेत्र के नचाप, भजौना, सिंगही, लालपुर, टेघरा, नरवन, रेवल, कटोखर, कलान, खानपुर, सालिमपट्टी, मुबारकपुर, महम्मदपुर, मटियारी, ताजपुर, चेंफुल, गोबरही, चंदउपुर, डुमाईगढ़, रसूलपुर, देवपुरा, अतरसन, योगिया, घुरापाली, लाकठ छपरा, आमडाढ़ी, एकमा , परसागढ़, हरपुर, माने, रामपुर विंदा लाल, नवादा, चनचौरा, एकसार, असहनी, चैनवा, आदि गांवों के ग्रामीणों ने स्वागत करते हुए कहा है कि इससे उन्हें सहज व सुलभ सुविधा नजदीकी स्तर पर मिल सकेगी। जिससे उनके समय व धन की बचत सहित भाग-दौड़ लगाने से भी मुक्ति मिलेगी




Recent Comments