सांसद रुडी ने सोनपुर मंडल के रेल प्रबंधक से बुधवार की बैठक से पहले सारण में रेलवे की प्रगति से संबंधित विवरण मांगा

छपरा (सारण), 09 सितम्बर, 2018 । आम जन की व्यक्तिगत समस्याओं के निराकरण के साथ ही सामाजिक प्रगति और सामूहिक विकास कार्य के प्रति सजग रहने वाले सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी, सारण जिला में आमजन के लिए रेल की यात्रा को सुविधाजनक बनाने का प्रयास निरंतर करते रहे है। इसी कड़ी में अब सांसद ने सारण में रेलवे के विकास से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सोनपुर मंडल के रेल प्रबंधक अतुल कुमार सिन्हा से विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। उपलब्ध विवरण के आधार पर बुधवार को सोनपुर मंडल की बैठक में छपरा से पटना के बीच कुछ नई सवारी गाड़ियों के परिचालन का मुद्दा उठेगा और पूर्व से परिचालित कुछ गाड़ियों की समय सारणी पर भी चर्चा की जायेगी। दरअसल पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाला सारण लोकसभा क्षेत्र पूर्वोत्तर भारत की बरौनी-गोरखपुर रेल मार्ग पर अवस्थित है, जो अत्यंत व्यस्त रेल मार्गों में से एक है। इस क्षेत्र में रेलवे की प्रगति का आकलन करने के लिए पूर्व मध्य रेलवे की बुधवार को बैठक होगी। बैठक में स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रुडी को रेल मंडल द्वारा आमंत्रित किया गया है। बैठक के पहले सांसद ने पूर्व मध्य रेल मंडल सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक से जिले में यात्री सुविधाओं के विकास की वर्तमान और भावी योजनाओं के साथ जिला में रेलवे की प्रगति से संबंधित विवरण उपलब्ध कराने को कहा है ताकि बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार किया जा सके।
इस संदर्भ में श्री रुडी ने बताया कि विकास पुरुष मा॰ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में केन्द्र में भाजपा की सरकार के आने के बाद से देश में भारतीय रेलवे का चहुंमुखी विकास और विस्तार हो रहा है। माननीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केन्द्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में एक के बाद एक तमाम ऐसी योजनाओं की शुरुआत की गई है जिससे रेल यात्रियों का सफर सुविधाजनक हो रहा है। इसी कड़ी में सारण में भी रेलवे की कई योजनाओं का कार्यान्वयन हो रहा है। कुछ भावी योजनाएं जिनकी संरचना पर कार्य किया जा रहा है उसके संदर्भ में बैठक में मंत्रणा की जायेगी। मालूम हो कि सांसद श्री रुडी सोनपुर मंडल के रेल प्रबंधक से पिछले चार वर्षों में छपरा ग्रामीण, दिघवारा, सोनपुर और नयागांव स्टेशनों समेत जिले में यात्री सुविधाओं के विस्तार व उन्नयन, यात्री ट्रेनों के ठहराव की वर्तमान और भावी योजना, छपरा-मुजफ्फरपुर नई रेल लाईन की अद्यतन स्थिति और सबसे महत्वपूर्ण पटना से छपरा और पाटलीपुत्रा से छपरा के बीच चलने वाली रेल गाड़ियों का विवरण मांगा है।
जिले के रेलवे स्टेशनों पर लगे स्वचालित सीढ़ी का भी विवरण सांसद ने रेल प्रबंधक से मांगा है। श्री रुडी ने कहा कि स्वचालित सीढ़ी न होने के कारण वृद्ध, महिला, दिव्यांग व बीमार यात्रियों को आवागमन में असुविधा होती है। स्वचालित सीढ़ी होने से वृद्ध, अक्षम, निशक्त, महिला और बीमार यात्रियों के आवागमन में काफी सुविधा होगी और वे आसानी से एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जा सकेंगे।