एकमा में 92 हजार लोगों की अबतक हुई स्क्रीनिंग, कुछ लोगों ने स्क्रीनिंग जरूरी नहीं समझा

एकमा (सारण)। प्रखण्ड व नगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर कोरोना संदिग्ध के लक्षणों की स्क्रीनिंग जारी है। दौरान तिसरे दिन रविवार तक लगभग 92 हजार लोगों का अबतक स्क्रीनिंग हुआ है।
इसकी जानकारी देते हुए सीएचसी एकमा के प्रभारी डॉ. साजन कुमार, नोडल पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार तिवारी व स्वास्थ्य प्रबंधक राजू कुमार ने बताया कि बलिया गांव में रविवार को आशा व आंगनबाड़ी सेविका द्वारा डोर-टू-डोर पहुंच कर कोरोना महामारी को लेकर महिला, पुरुषों व बच्चों की स्क्रीनिंग की गयी। इस दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव से संबंधित जागरूकता भी फैलाई गई।
स्क्रीनिंग टीम द्वारा लोगों से मास्क व सैनिटाईजर का प्रयोग करने की बात कही गयी। दिन में कई बार साबुन से हाथ धोने सहित घरों व आसपास में लोगों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
इस दौरान सेविका विन्दू कुमारी, प्रतिमा देवी, धनंजय सिंह, राजेन्द्र शर्मा, जयप्रकाश शर्मा, मिथिलेश भारती सहित दर्जनों समाजिक कार्यकर्ता आदि सहयोगी की भूमिका में रहे।
उधर शनिवार को एकमा प्रखंड के आमदाढ़ी व परसा दक्षिणी पंचायत के खोजी गांव में एक विशेष समुदाय के कुछ लोगों के द्वारा स्क्रीनिंग कराने से इंकार कर दिया गया। डोर टू डोर स्क्रीनिंग करने के लिए पहुंची टीम के द्वारा काफी आग्रह के बावजूद भी इन परिवारों के लोगों ने अपना स्क्रीनिंग नहीं कराया है। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय पुलिस व प्रशासन सहित पंचायत प्रतिनिधियों को भी दे दी गई है। दूसरे दिन भी उक्त परिवार के लोगों से इसके लिंक कराने के लिए मान मनौव्वल का प्रयास किया गया। अनुमान है कि जल्द ही इंकार करने वाले परिवारों का भी स्क्रीनिंग करा लिया जाएगा।