छपरा। स्थानीय दर्शन नगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में प्रसिद्ध जनरल फिजिशियन डॉ. सुधांशु शेखर और डॉ. महिमा पांडे की टीम ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिए। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, स्वच्छता बनाए रखने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने का महत्व समझाया।विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने चिकित्सकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से राजेश कुमार पाठक, मणि भूषण सिन्हा और नीलू कुमारी ने चिकित्सकों की पूरी टीम को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस पहल की शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की और इसे एक प्रेरणादायक कदम बताया।