मांझी। दाउदपुर थाना क्षेत्र के सरयूपार मोड़ स्थित चट्टी पर शनिवार की रात चोरों ने चार दुकानों में पल्ला के कब्जे उखाड़ हजारों रुपये मूल्य के सामानों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी दुकान संचालकों को रविवार की सुबह दुकान खोलने के दौरान हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान संचालक गोबरही गांव निवासी सह पूर्व मुखिया पृथ्वीनाथ सिंह उर्फ अलगू सिंह ने बताया कि चोरों ने इत्मीनान से मेरे तीन और एक बगल के मिठाई दुकान संचालक धर्मवीर सिंह का पल्ला के कब्जा उखाड़ कर एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 70 केजी चीनी, एक टीना रिफाइन, एक गैस सिलिंडर, एक चूल्हा, छह बोरी चिउरा, आदि समान समेत गल्ले से 2200 रुपये नगद की चोरी कर फरार हो गए। इस घटना की सूचना पहले दुकानदार ने क्षेत्रीय चौकीदार व स्थानीय पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है अबतक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नही हुई है।