समस्तीपुर:स्वर्ण व्यवसायी के घर हुई डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा

##न्यूज़ इनपुट: केशव बाबू
समस्तीपुर:
समस्तीपुर में लगातार आपराधिक घटनाओं को लेकर काफी समय से लोगों के गुस्से को झेल रही समस्तीपुर पुलिस को विगत 16 सितंबर को शहर के बारह पत्थर चौक पर मवेशी अस्पताल के सामने दिनदहाड़े स्वर्ण व्यवसायी के घर हुए भीषण डाका कांड के खुलासे में कामयाबी मिली है। इस वारदात में शामिल पाँच अपराधियों को लुटे गए कुछ आभूषण एक लाख चौहत्तर हजार नकद और घटना में उपयोग की गयी एक स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया गया है। इन अपराधियों की निशानदेही पर गिरोह के बाकि सदस्यों और लूट के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।घटना की जानकारी देते हुए एसपी दीपक रंजन ने बताया कि पकड़े गए अपराधी दूसरे जिले के काफी कुख्यात है जो बिहार के कई जिलों में संगीन अपराधों के लिए वांटेड रहे हैं। इनका सिर्फ लाइनर ही समस्तीपुर के रोसड़ा का है। इनलोगों ने करीब एक सप्ताह तक मौका ए वारदात की रेकी की थी और पुलिस गस्ती की टाइमिंग के मुताबिक सुबह साढ़े छह बजे का समय सही पाकर करीब दो घंटे तक डकैती की और फिर कोचिंग जाने वाले छात्र की शक्ल में शहर के अलग अलग रोड में निकल गए।बाद में कुछ दूर लगे स्कॉर्पियो पर सवार होकर सभी खगड़िया की तरफ निकल गए थे।लेकिन गठित एसआईटी के सदस्य नरेश पासवान दलसिंहसराय थानाध्यक्ष, मधुरेन्द्र किशोर कल्याणपुर थानाध्यक्ष, मनोज कुमार सिंह उजियारपुर थानाध्यक्ष,अमित कुमार सरायरंजन थानाध्यक्ष और अमजद अली बंगरा थानाध्यक्ष द्वारा सीसीटीवी और अन्य सुराग के आधार पर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।एसपी ने दावा किया है की बाकी लुटेरों को भी जल्द ही दबोच लिया जायेगा। घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी न. बीआर 31 पी ए- 3407 के चालक चालक राजेश पटेल पिता सरदानंद पटेल को वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के टाउन हाई स्कूल के पास नखास चौक गिरफ्तार किया गया। बाद में उसी के निशानदेही पर घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी मो. कलीम पिता अब्दुल मन्नान को पटना जिला के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के मीठापुर सब्जीमंडी के पास से 99 हजार रुपयों के साथ गिरफ्तार करते हुए उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर शशि कुमार ठाकुर पिता श्याम ठाकुर को बेगुसराय जिले के मटिहानी थाना क्षेत्र के काली स्थान से और विक्रम ठाकुर पिता गौरी शंकर ठाकुर को समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के मुरादपुर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं लुटे गये जेवरात खरीदने वाले व्यवसायी सन्नी कुमार पिता कन्हैया लाल को भी खगड़िया जिले के नगर थाना क्षेत्र के विद्याधारा वार्ड नं०-6 से गिरफ्तार किया गया।