तेज रफ्तार ट्रक घर में घुसा, सोयी महिला की गई जान

गंगाजल गांव में दर्दनाक हादसा, घर में कोहराम

दैनिक खोज खबर/दरियापुर।थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगाजल गांव में बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर गांव के एक घर में जा घुसा, जिससे घर में सो रही महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मृतिका के पति भी जख्मी हो गए ,जिनका इलाज चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रात के करीब 11 बजे हुई, जब दिघवारा-भेल्दी मुख्य मार्ग से होकर गुजर रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक गंगाजल गांव के समीप अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित सुरेश शाह के मकान में जा घुसा। उस वक्त घर के भीतर उनकी पत्नी मीना देवी और उसके पति सुरेश साह सो रहे थे। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया और मीना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जख्मी पति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया जहां इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पंचायत मुखिया चंद्रशेखर सिंह, सरपंच मंटू बाबा और पंचायत समिति सदस्य अशोक शाह घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। उनके प्रयासों से जाम हटाया गया और यातायात व्यवस्था बहाल हुई।इस दुखद घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।