
दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। प्रखंड के नेवारी बाजार में 18 मई से प्रारम्भ श्री रुद्र महायज्ञ के प्रथम दिन विशाल एवं अद्भुत कलश यात्रा सह शोभायात्रा के बाद संध्या समय भक्तिमय माहौल देखने को मिला। वृंदावन से आई प्रसिद्ध रासलीला मंडली द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक रासलीला का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ समिति के पदाधिकारियों द्वारा विधिवत आरती कर किया गया। रासलीला के दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का जीवंत प्रस्तुतीकरण कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरा यज्ञ स्थल भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष जयनाथ प्रसाद, उपाध्यक्ष नवल किशोर यादव, सचिव डॉ. रामप्रवेश राय, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार यादव, मुखिया मुकेश कुमार यादव, निर्देशक एन.के. नवल, उप निर्देशक अर्जुन युवराज, राहुल कुमार यादव, पप्पू शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित होकर रासलीला का आनंद लेते नजर आए। श्री रुद्र महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
__




Recent Comments