शोक संवेदना:
सारण, 24 अक्टूबर 2021 । मेरे प्रथम राजनीतिक सफर के साथी और अभिन्न सहयोगी रहे तरैयां निवासी गंगेश्वर सिंह के अकस्मात निधन से मर्माहत हूँ। जब मैं पहली बार तरैयां विधान सभा क्षेत्र से विधायक के रूप में निर्वाचित हुआ उस काल से संसदीय राजनीति में मेरे सहयोगी और सहचर रहे गंगेश्वर जी एक समदर्शी समाजसेवी थे। तरैयां विधानसभा अन्तर्गत चैनपुर गाँव निवासी गंगेश्वर सिंह के निधन पर अपना दुःख व्यक्त करते हुए सारण सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने उक्त बाते कही। मालूम हो कि शनिवार की रात दिल का दौरा पड़ने पर अस्पताल ले जाने के दौरान ही तरैया निवासी गंगेश्वर सिंह का निधन हो गया। गंगेश्वर सिंह के हृदयाघात की खबर जैसे ही सांसद रुडी को मिली, त्वरित रूप से उन्होंने अस्पताल में बात कर उनके उपचार की व्यवस्था करवाई पर, अस्पताल ले जाने के क्रम में ही उनकी मृत्यु हो गई।
रुडी ने कहा कि यह मेरे लिए अत्यंत दुःखद है कि एक माह के भीतर मैने अपने दो अंतरंग मित्रों को खोया है। पिछले माह ही शत्रुघ्न सिंह उर्फ नेता जी और अब गंगेश्वर जी। तरैयां में मेरे इन सहयोगियों की कमी अब खलेगी। उनके सहयोग से मै उपकृत हूँ, उन्हें भुलाये नहीं भूलता क्योंकि वे मेरे परम सहयोगी थे। तरैयां में गंगेश्वर सिंह की एक अमीट पहचान है। सभी के साथ सुख-दुःख में साथ खड़े रहने वाले गंगेश्वर जी के मित्रों और शुभचिंतकों की संख्या भी बड़ी थी। एक तरह से स्थानीय जनता, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रतिनिधि थे जो हर आने जाने वाले नेता के स्वागत में उनको साथ लेकर खड़े मिलते थे। अब गंगेश्वर जी के बगैर तरैयां बाजार सुना हो गया। उन्होंने बताया कि अभी दिन में ही उनसे दुरभाष पर बात हुई थी और रात को अचानक उनका इस दुनिया से विदा होने की खबर पर स्तब्ध रहा गया। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। गंगेश्वर सिंह की आत्मा की शांति की कामना सहित शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। सांसद रुडी ने अपने सभी सहयोगी कार्यकर्ताओं को उनके घर भेजा है।