मांझा : थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में शराब माफिया के घर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर माफिया के परिवार वालों ने हमला कर दिया । जिसके बाद से पुलिस टीम भी सकते में आ गई । हालांकि पुलिस ने इस हमले के मुख्य आरोपित शराब माफिया रामनाथ यादव उर्फ चिरकुट यादव को गिरफ्तार कर लिया है । उल्लेखनीय है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कोइनी गांव का शराब माफिया व मांझा थाना में दर्ज कांड का आरोपित व सुभाष यादव शराब की खेप के साथ घर आया है । इस सूचना के बाद बुधवार को थानाध्यक्ष छोटन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छापेमारी करने गई तो उन सभी ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया व थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ धक्का मुक्की व गाली गलौज कर पुलिस को भगाने लगे । वहीं पुलिस पर हमला करने के बाद कई कांडों के आरोपित शराब माफिया सुभाष यादव को पीछे के रास्ते से भगाने में भी कामयाब हो गए । इस हमले के बाद थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दिया तथा हमला करने वाले शराब माफिया के पिता रामनाथ यादव उर्फ चिरकुट यादव को गिरफ्तार कर लिया । इस मामले में थानाध्यक्ष के स्वलिखित बयान पर कोइनी गांव के चिरकुट यादव सहित उसके पुत्र व पत्नी तथा पुत्रवधु को भी आरोपित बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है । तथा गिरफ्तार आरोपित को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया ।