छपरा : जेपीयू प्रशासन ने वर्षो से मांग कर रहे छात्रों की मुराद को रविवार के दिन पूरा कर दिया। विभिन्न छात्र संगठनों के द्वारा पीएचडी में नामांकन टेस्ट के लिए मांग की जा रही थी। जेपीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ अनिल कुमार ने निर्देश जारी किया है कि शोध कार्य की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थी के लिए पीएचडी नामांकन जांच परीक्षा दिसंबर 2021 में आयोजित की जाएगी। जिसमें शामिल होने के लिए योग्य अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन आवेदन दे सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया , आवेदन शुल्क, पत्रता एवं परीक्षा का पाठ्यक्रम आदि से संबंधित जानकारी जेपीयू के वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। आवेदन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगी।