लूटकांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार

#परवेज अख्तर /सिवान

आंदर (सिवान): थानाक्षेत्र के आंदर बाजार के स्वर्ण व्यवसायियों से हुई लूट मामले में पुलिस ने शनिवार की देर रात हुसैनगंज थानाक्षेत्र के रफीपुर गांव में छापेमारी कर लूटकांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी की पहचान हुसैनगंज थानाक्षेत्र के रफीपुर निवासी बजरंगी पांडेय के रूप में हुई है। छापेमारी टीम में हुसैनगंज थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश, एमएच नगर थानाध्यक्ष पंकज कुमार, आंदर थानाध्यक्ष कैप्टन शाहनवाज समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे। मामले में पुलिस ने 27 फरवरी को एमएच नगर थानाक्षेत्र के कबिलपुरा गांव में बब्लू कुमार यादव के यहां छापेमारी कर सफेद रंग की बिना नंबर की अपाची बाइक, सोने का मंगलसूत्र, नाक का किल, लूटा हुआ मोबाइल जिससे अपराधियों ने बात की थी बरामद किया था। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान बब्लू ने अपने पांच साथियों का नाम भी बताया था, जिनमें हुसैनगंज थानाक्षेत्र के छपिया निवासी सोनू यादव, रफीपुर निवासी बजरंगी कुमार पांडेय एवं सन्नी कुमार उर्फ मास्टर, एमएच नगर थानाक्षेत्र के धनौती निवासी लड्डन कुमार तथा आंदर थानाक्षेत्र के छजवा बलिया निवासी पंकज कुमार की संलिप्तता बताई थी। उसने बताया था कि बजरंगी पांडेय हीं लूटकांड का मास्टरमाइंड है। इस दौरान पुलिस ने सोनू कुमार यादव के घर से चोरी की काले रंग की पल्सर गाड़ी जिसका नंबर बीआर 01 बीएक्स 1618 बरामद किया था।