दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। रामनवमी को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया. गुरूवार को मढ़ौरा एसडीओ नरेश पासवान के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक सत्येंद्र सहनी, थानाध्यक्ष अजय कुमार एवम संबंधित थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया गया. इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने मढ़ौरा के नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से रामनवमी को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. पदाधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस प्रशासन द्वारा सभी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है. सीसीटीवी एवं कैमरों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जा रही है. किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. बता दें कि रामनवमी को लेकर मढ़ौरा के असोइयां व विभिन्न स्थानों से रामनवमी का जुलुस निकाला जाता है. जिसको लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में पूर्व से ही शांति समिति की बैठक कर जरूरी निर्देश देते हैं और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एहतियातन जुलुस के साथ मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाती है.