स्थांतरित पंचायत सचिव ने ओल्हनपुर,बरदहिया, हसनपुरा, मुबारकपुर और रसूलपुर पंचायतों में की गड़बड़ी

कोई चलता पदचिन्हों पर, कोई पदचिन्ह बनाता है- मढ़ौरा बीडीओ

मढ़ौरा (सारण)। मढौरा प्रखंड में कार्यरत रहे पूर्व पंचायत सचिव योगेन्द्र राय के विगत पांच वर्षों के कार्यकलाप और उनके द्वारा पंचायतों के विकास के लिए खर्च की गई राशि की पंचायतवार वृहद तरीके से जांच कराते हुए अविलंब निलंबन की मांग प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने जिला पदाधिकारी से किया है।
जिला पदाधिकारी को भेजे गये पत्र में लिखा गया है कि श्रीमान के आदेश से मढ़ौरा प्रखंड में कार्यरत रहे पंचायत सचिव योगेन्द्र राय का स्थानांतरण एकमा में किया गया है। इनके द्वारा ओल्हनपुर,बरदहिया, हसनपुरा, मुबारकपुर और रसूलपुर पंचायतों में ज्यादा गड़बड़ी की गई है।ये बेहद लापरवाह और स्वेच्छाचारी सरकारी कर्मचारी है। ऐसे लोग जितनी देर कार्यरत रहेंगे उतना ही सरकार को, जिला को, प्रखंड को, पंचायत को और जिनकी सेवा के लिए नौकरी दी गई है उनको जबरदस्त क्षति होगी। ऐसे कर्मचारी को एक क्षण भी गंवाये तुरंत प्रभाव से निलंबित करने की कृपा की जाय। इनके द्वारा विगत पांच वर्षों में पंचायतों में जितनी राशि निकासी की गई है या कराई गई है के अभिलेखों की जांच-प्राक्लन, मापी पुस्तिका,अभिश्रव, मास्टर लाल, बैंक स्टेटमेंट, कनीय एवं सहायक अभियंता, प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी या कोई भी कर्मी या पदाधिकारी जिनका भी हस्ताक्षर है उनकी जांच, खर्च की गई राशि का भौतिक स्थिति, गुणवत्ता आदि की वृहद तरीके से पंचायतवार कराने की कृपा करें। इसके साथ ही जिला पदाधिकारी को भेजे गये पत्र में बीडीओ ने संकल्प भरे शब्दो का प्रयोग कर लिखा है कि कोई चलता पदचिन्हों पर कोई पदचिन्ह बनाता है। भारत की सर्वाधिक महत्वपूर्ण एवं प्रतिष्ठित सेवा जिसके आप सदस्य हैं का कभी मैंने भी सपना देखा था। मुझे विश्वास है कि भारत के सर्वाधिक सफल प्रशासनिक सेवा पदाधिकारियों की जब सूची बनेगी तो श्रीमान का नाम जरूर होगा।