मोतिहारी: घूसखोर पोस्टमास्टर सुनील कुमार श्रीवास्तव को सीबीआइ टीम ने दबोचा

मोतिहारी (पू.च.) जिला मुख्यालय स्थित प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर सुनील कुमार श्रीवास्तव को पटना से आई सीबीआइ की 10 सदस्यीय टीम ने बुधवार को घूस लेते गिरफ्तार किया। वह अपने दफ्तर के पोस्टल सहायक सुनील कुमार से चार हजार रुपये घूस ले रहा था। सीबीआइ उसे पटना ले गई। जहां पूछताछ के बाद उसे सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया जाएगा।

पोस्टमास्टर ने ड्यूटी पर बने रहने के लिए पोस्टल सहायक से प्रतिमाह 6 हजार रुपये घूस मांगा था। इस बात पर दोनों में कहासुनी भी हुई थी। सहायक ने इसका वीडियो बना लिया था। साथ ही सीबीआइ में घूस मांगने की शिकायत दर्ज कराई। सीबीआइ ने सत्यता की जांच के लिए पहले दो महिला कर्मियों को प्रधान डाकघर भेजा। शिकायत की पुष्टि के बाद रणनीति के तहत बुधवार को सीबीआइ यहां पहुंची। पोस्टमास्टर दफ्तर के बाहरी परिसर में निर्माण कार्य का जायजा ले रहा था। इस बीच उसके पास शिकायतकर्ता पहुंचा। घूस के चार हजार रुपये एडवांस दिए। रुपये लेते ही टीम ने पोस्टमास्टर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम उसे बरियारपुर आवास पर ले गई। आवास की जांच की गई। हालांकि, टीम ने इसकी कोई जानकारी नहीं दी।