मोतिहारी: कल्याणपुर में सड़क हादसे में पिता की मौत, पुत्र जख्मी
मोतिहारी:कल्याणपुर प्रखंड मुख्यालय के कल्याणपुर-चकिया पथ स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की रात एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर पिता की मौत हो गई। वहीं पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल की चिकित्सा स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रही है। हादसे के शिकार युवक की पहचान थानाक्षेत्र के परसौनी वाजिद पंचायत के सेमरा निवासी छोटेलाल पासवान की के रूप में की गई है।
वहीं जख्मी उसका सोलह वर्षीय पुत्र गो¨वद कुमार बताया गया है। इस सिलसिले में छोटेलाल की पत्नी पत्नी गीता देवी ने स्थानीय थाने में आवेदन दिया है। पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उसके पति कल्याणपुर में सिलाई का काम करते थे। सोमवार की रात वे अपनी दुकान बंद कर एक न्योता में गए थे। वहां से घर लौट रहे थे।
इसी बीच पेट्रोल पंप के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने मेरे पति व पुत्र को रौंद दिया। पति की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि पुत्र गंभीर रूप से जख्मी है। इस संबध में थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जख्मी का इलाज चल रहा है। गीता के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वाहन की खोज की जा रही है। समाचार प्रेषण तक मामले में वाहन या किसी अन्य के पकड़े जाने की सूचना नहीं है।