मॉब लिंचिंग के खिलाफ मशरक में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
मशरक(सारण) मॉब लिंचिंग के खिलाफ पुलिस की ओर से जिले में जन जागरूकता अभियान रविवार को चलाया गया। इस दौरान जिले के सभी थाने के पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा अपने अपने क्षेत्र के चौक – चौराहा, प्रमुख बाजारों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से मॉब लिंचिंग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। मुख्य रूप से इस मामले के दोषियों के खिलाफ की जाने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में अवगत कराया गया और कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की गयी। किसी भी तरह की घटना होने की स्थिति में पुलिस को सूचित करने तथा पुलिस को सहयोग करने का अनुरोध किया गया। पुलिस अधीक्षक हर किशोर राय ने बताया कि यह अभियान बच्चा चोर या अन्य किसी तरह के अफवाह फैला कर भीड़ को गुमराह कर निर्दोष व्यक्तियों को मारने पीटने जैसी अपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए शुरू किया गया है । उन्होंने कहा कि जन जागरूकता अभियान के माध्यम से बताया जा रहा है कि किसी भी अपराधी के साथ मारपीट करने वाले भी दंड के भागीदार होंगे । कोई अपराधी अगर पकड़ा जाता है तो, इसकी सूचना पुलिस को दे और पकड़े गये व्यक्ति को पुलिस को सौंपे । ऐसा नहीं करने तथा किसी को अपराधी बताकर मारपीट करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी।




Recent Comments