मांझी के छठ घाट पर लोक आस्था के महापर्व में एसपी हर किशोर राय भी हुये शामिल

मांझी(सारण) : मांझी प्रखंड के दर्जन भर घाटों पर हजारों छठ व्रतियों ने अस्तलगामी भगवान सूर्य को अर्घ निवेदित किया। मुख्य समारोह प्रसिद्ध राम घाट पर आयोजित किया गया। समारोह का विधिवत शुभारंभ राम घाट पर बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा सीओ दिलीप कुमार तथा थानाध्यक्ष अनुज कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर पदाधिकारियों ने अपने सम्बोधन में छठ पर्व की महत्ता की विशद चर्चा की तथा छठ व्रतियों को दी जाने वाली बेहतर सुविधाओं के लिए छठ पूजा समिति की भूरी भूरी प्रशंसा की।

इस अवसर पर बीडीओ ने स्थानीय राम घाट पर निर्माणाधीन शिव मंदिर में टाइल्स लगाने के लिए ग्यारह हजार की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की। तीनों पदाधिकारियों ने नकद सहयोग राशि भी समिति को सौंपा। विलम्ब से पहुंचे सारण एसपी हरकिशोर राय ने अपने सम्बोधन में छठ व्रतियों के साथ साथ समिति व स्थानीय प्रशासन के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

थानाध्यक्ष ने छठ पूजा समिति के संयोजक गोपाल शर्मा को किचेन पैक से सम्मानित किया। समारोह को एबीपीएसएस के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सरपंच मनोज प्रसाद कृष्णा सिंह पहलवान जदयू नेता नीरज मिश्रा भिखारी सिंह मोती यादव तथा पिंटू ओझा आदि ने भी सम्बोधित किया। संचालन रंजन शर्मा ने किया।