महात्मा गांधी सेतु का रेलिंग तोड़ गंगा में गिरी स्कॉर्पियो, एनडीआरएफ राहत कार्य मे जुटा
दैनिक खोज खबर डेस्क
पटना: महात्मा गांधी सेतु पर एक बड़ी घटना हुई है. हाजीपुर और पटना के बीच वाले गंगा नदी पर बने महात्मा गांधी सेतु से एक स्कॉर्पियो गंगा नदी में नीचे गिर गई है. राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया है.
पाया नंबर 38 की घटना
पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महात्मा गांधी सेतु के 38 नंबर पाया पर यह घटना हुई है. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी के चालक ने गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो दिया और इसके बाद गाड़ी रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे गंगा नदी में जा गिरी. गंगा नदी में गिरने वाली स्कॉर्पियो हाजीपुर से पटना की ओर आ रही थी. मिल रही जानकारियों के अनुसार स्कॉर्पियो गाड़ी पर 4 लोग सवार थे. हालांकि पुलिस ने गाड़ी पर सवार लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

फ़ोटो साभार : Live Cities Media
एनडीआरएफ को बुलाया गया
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ को सूचना दी है. जिला प्रशासन की सूचना के बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है. बचाव कार्य शुरू किया गया है. स्कॉर्पियो और उस पर सवार लोगों की तलाश की जा रही है. गंगा नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ा हुआ है. लगातार बारिश के कारण गंगा नदी में पानी भी बढ़ा हुआ है और धार भी काफी तेज है.