मांझी(सारण)। प्रखंड के कोहड़ा बाजार पर शनिवार की शाम रालोसपा किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कुशवाहा के नेतृत्व में डीजल-पेट्रोल के तेजी से बढ़ते दाम व आवश्यक वस्तुओं की महंगाई के विरोध में मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोग महंगाई पर अंकुश लगाने, मजदूरों को काम देने व गलवान घाटी के शहीद जवानों का बदला लेने की भी सरकार से मांग कर रहे थे। कोहड़ा-नसीरा मुख्य मार्ग पर भ्रमण के बाद चौक पर जुलूस सम्पन्न हुआ। ओम प्रकाश ने कहा कि पहली बार डीजल की कीमत पेट्रोल से भी अधिक हो गई है। जिसका असर हर क्षेत्र में पड़ रहा है। जरूरी सामानों के कीमत बढ़ने से आम जनता परेशान है। खाद-बीज सहित सिंचाई सुविधा महंगी होने से किसान चिंतित हैं। कोरोना महामारी के कारण बाहर से बिहार लौटे मजदूरों को काम नही मिलने से उनके सामने भुखमरी की स्थिति पैदा हो गई है। श्री कुशवाहा ने गलवान घाटी में शहीद भारतीय जवानों को नमन करते हुए चीन के हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब देने की भी केंद्र सरकार से मांग की। जुलूस में जितेंद्र प्रसाद, हसनैन आलम, डॉ जमीर, उमेश सिंह, सोनू कुमार, मनीष कुमार, नियाजुद्दीन, राजीव कुमार, सत्येंद्र प्रसाद, जैकी, निशांत सहित दर्जनों लोग शामिल थे।