
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। मंगलवार को स्थानीय प्रखंड के रसूलपुर और बहुआरापट्टी ग्राम पंचायतों में जन सहायता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। रसूलपुर के शिविर में 67 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि बहुआरापट्टी में 54 आवेदन मिले। रसूलपुर शिविर में मढ़ौरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर की देखरेख में 42 फरियादियों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं, संपूर्ण कागजात न होने के कारण 8 आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया, जबकि 17 शिकायती आवेदनों को लंबित रखा गया है। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचीं मढ़ौरा की अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रसूलपुर शिविर में 14 लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए। दूसरी ओर, बहुआरपट्टी सहायता शिविर मढ़ौरा की अंचलाधिकारी अंबपाली यादव की देखरेख में संचालित हुआ। यहाँ शिकायतों के निवारण के लिए कुल 54 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 50 का निष्पादन कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आवेदनों के निपटारे के साथ-साथ शिविर में जन्म प्रमाण पत्र और राशन कार्ड भी वितरित किए गए। जानकारी के अनुसार, इन शिविरों में सबसे अधिक लोग राशन कार्ड, पेंशन, भूमि विवाद और बिजली जैसी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




Recent Comments