दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा,(सारण)। स्थानीय हाई स्कूल के प्रांगण में आयोजित डे-नाइट टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट मढ़ौरा प्रीमियर लीग का भव्य समापन मंगलवार रात फाइनल मुकाबले के साथ हुआ. इस रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मैच में मुन्ना एलेवन आटा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माशूक एलेवन अमनौर को 85 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुन्ना एलेवन आटा की टीम ने निर्धारित ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी की. टीम ने नाहिद हसन के 74 रन, पोंटिंग के 64 रन और बब्लू पटेल के 63 रनों की आतिशी पारियों की बदौलत 260 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में 261 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी माशूक एलेवन अमनौर की टीम दबाव में बिखर गई और 175 रनों पर ही ऑल आउट हो गई. अमनौर की ओर से शिवम ने 107 रनों की संघर्षपूर्ण शतकीय पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग न मिलने के कारण वे टीम को जीत नहीं दिला सके. शानदार प्रदर्शन के लिए पप्पू को ‘मैन ऑफ द मैच’ और विकास को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। मैच में मुकुल सिंह और आफताब आलम ने अंपायरिंग की, जबकि डॉ. वहाब, नौशाद और पवन प्रताप ने कमेंट्री की. समापन समारोह में मुख्य अतिथि मढ़ौरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूबी सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष मीणा अरुण, मुखिया संघ अध्यक्ष परमात्मा राय और व्यवसायी छोटू सिंह ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की. इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ रहीं.