मढ़ौरा के बधार में खरहुल की गंज में लगी भीषण आग, अफरा-तफरी

•अग्निशमन की तीन गाड़ियां घंटों से मशक्कत में जुटीं, आसपास का एक घर आंशिक चपेट में

दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा, (सारण)। मढ़ौरा खास बस्ती के समीप स्थित बधार में शनिवार दोपहर अचानक खरहुल की गंज में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और जमा किया गया कई टाल खर-पतवार जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मी घंटों से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। बताया जा रहा है कि आग की लपटों ने आसपास के मुहल्ले के एक घर को भी आंशिक रूप से अपनी चपेट में ले लिया था। हालांकि, ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता से समय रहते घर को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती के समीप बधार में दर्जनों की संख्या में खर-पतवार की गंज जमा की गई है। आग लगने के बाद कोई भी ग्रामीण इन गंज पर अपना दावा नहीं कर रहा है। नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि बधार में दिन में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बीड़ी-सिगरेट पीकर लापरवाही से फेंक दिया होगा, जिससे आग भड़की होगी। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। लगातार फैल रहे धुएं से आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।