भोरे में गैस एजेंसी सहित दो दुकान में चोरी

#परवेज़ अख्तर/सीवान:

जिले के गोपालगंज के भोरे में एक ही रात में दो दुकानों से चारों ने लगभग पांच लाख रूपए की संपत्ति चोरी कर ली. चोरों ने भोरे स्थित एक गैस एजेंसी और एक मोबाइल दुकान को अपना निशाना बनाया. एक ही रात में दो दुकानों में हुई चोरी की घटना से व्यवसायियों में काफी आक्र ोश व्याप्त है. बताया जाता है कि भोरे थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित प्रिंस एंड प्रियांश एचपी गैस एजेंसी के संचालक कटेया थाना क्षेत्र के मगहिया गांव निवासी दिलीप कुमार सिंह मंगलवार की देर शाम गैस एजेंसी बंद कर अपने घर चले गये. इसी दौरान कुछ अज्ञात चोरों ने एजेंसी के मुख्य द्वार का ताला तोड़ कर एजेंसी में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, इंवर्टर और बैटरी की चोरी कर ली. सुबह जब संचालक दिलीप एजेंसी पर पहुंचे, तो ताला टूटा देख कर पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं दूसरी घटना भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर बाजार में हुई. जहां एक मोबाइल दुकान से लगभग 3.50 लाख रूपए के सामानों की चोरी कर ली गयी. बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के खरपकवां गांव निवासी अमलेश भगत ने अपनी मोबाइल की दुकान हुस्सेपुर बाजार में खोल रखी है. मंगलवार की शाम वो अपनी दुकान बंद कर घर चला गया. इसी बीच देर रात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ कर उसके रखे सारे सामानों की चोरी कर ली. सुबह जब आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना अमलेश को दी. बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की. दोनों ही मामलों में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है.