मढ़ौरा (सारण)। मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। बुधवार को स्थानीय प्रखंड सभागार में
सीडीपीओ मढ़ौरा- विनीता भारती, अमनौर- विंदा प्रकाश, मशरक- राहुल शंकर समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल के प्रति जागरूक करना बताया गया।कार्यशाला में मढ़ौरा, अमनौर और मशरक प्रखंडों की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों और विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने पॉश एक्ट 2013 के प्रमुख प्रावधानों को विस्तार से समझाया।महिलाओं को बताया गया कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार के अवांछित व्यवहार या असहज स्थिति होने पर वे अपनी शिकायत कहाँ और कैसे दर्ज कराएं। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि ऐसी शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

वक्ताओं ने कहा कि लैंगिक समानता एक स्वस्थ समाज की नींव है, इसलिए महिलाओं के साथ पुरुषों को भी इस दिशा में संवेदनशील बनना जरूरी है। स्थानीय कर्मचारियों और लोगों ने प्रशासन की इस पहल की काफी सराहना की है। इस मौके पर जिला परियोजना प्रबंधक प्रेम प्रकाश, जिला मिशन समन्वयक निभा कुमारी, केंद्र प्रशासक वन स्टॉप सेंटर मधुबाला, जिला समन्वयक सिद्धार्थ सिंह, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ सत्येंद्र कुमार, मनो सामाजिक परामर्शी कुमारी शैलजा, जेंडर विशेषज्ञ सुजाता श्री समेत बड़ी संख्या में सेविका, सहायिका उपस्थित थीं।