मढ़ौरा(सारण). सिवान के पूर्व सांसद प्रतिनिधि डॉ. अजय सिंह को बिहार सरकार द्वारा नागरिक परिषद का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर उनके ननिहाल विक्रमपुर में खुशी का माहौल है, मंगलवार को इस खबर के मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में जश्न का माहौल हो गया. विक्रमपुर स्थित सुरेंद्र प्रसाद सिंह के आवास पर लोगों ने एकत्रित होकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और अपनी प्रसन्नता व्यक्त की. इस दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. अजय सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. अजय सिंह लंबे समय से सामाजिक कार्यों और जनसेवा से जुड़े हैं. उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता के कारण ही उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह है. शुभचिंतकों ने उम्मीद जताई कि डॉ. अजय सिंह अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। वे नागरिकों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाकर समाज के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे. इस अवसर पर सुरेंद्र प्रसाद सिंह, परिवार के सदस्य युवा समाजसेवी नीरज कुमार, ग्रामीण और शुभचिंतक प्रमुख रूप से मौजूद रहे, जिन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं और डॉ. अजय सिंह के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की.