भीलवाड़ा: आदर्श पीएचसी सिंगोली राज्य में प्रथम
कायाकल्प पुरस्कार के तहत मिला 2 लाख रू. का पुरस्कार
आजाद नेब
भीलवाड़ा, 3 मई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वच्छता एवं संक्रमण मुक्त वातावरण में सराहनीय स्वास्थ्य सेवाऐं उपलब्ध करवाने हेतु वर्ष 2016-17 के लियें राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिंगोली (ब्लॉक माण्डलगढ) को राज्य स्तरीय समारोह में कायाकल्प पुरस्कार के अन्तर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्रा श्री कालीचरण सराफ ने 2 लाख रू. का पुरस्कार राज्य स्तर पर प्रदान किया। सिंगोली पी एचसी ने राज्य में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वास्थ्य सेवाओं के दौरान बेहतर कार्य करने हेतु राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आमा (ब्लॉक कोटडी) को 50 हजार रू. प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएमएचओ के प्रतिनिधि के रूप में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुस्ताक खान ने समारोह में पुरस्कार प्राप्त किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.सी. जीनगर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वच्छता एवं संक्रमण मुक्त वातावरण में जिले में सराहनीय चिकित्सा सेवाऐं उपलब्ध करने वाले चिकित्सा संस्थानों को राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, जयपुर में बुधवार को आयोजित कायाकल्प पुरस्कार वितरण समारोह में राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिंगोली (ब्लॉक माण्डलगढ) के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. यास्मिन रहमानी काजी को प्रशस्ति पत्रा व 2 लाख रू. तथा राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आमा (ब्लॉक कोटडी) के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. सुनिल सोनी को प्रशस्ति पत्रा एवं 50 हजार रू. की राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि पुरस्कार राशि का इस्तेमाल चिकित्सा अधिकारी प्रभारी अपने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कर सकेगे। यह पुरस्कार जयपुर में आयोजित कायाकल्प पुरस्कार समारोह के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्रा श्री कालीचरण सराफ, प्रमुख शासन सचिव महोदया, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं प.क. विभाग, वीनू गुप्ता तथा शासन सचिव महोदय, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं प.क. एवं मिशन निदेशक (एनएचएम) नवीन जैन द्वारा दिया गया।




Recent Comments