बोरिंग पाइप मांगने गए अधेड़ की पिटाई, दोनों पैर टूटा
#परवेज़ अख्तर/सिवान:
जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र को मोहम्मदपुर मठिया गांव में गुरुवार की सुबह पंपसेट का पाइप लौटाने को लेकर एक अधेड़ की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। इस पिटाई में अधेड़ का दोनों पैर टूट गया। आनन फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा था। घायल किसान गांव के ही गौतम गिरि हैं। घटना के संबंध में पीड़ित किसान के परिजनों ने बताया कि गौतम गिरि ने गांव के कुबेर गिरि को धान की पटौनी के लिए बोरिंग का पाइप दिया था और गुरुवार की अल सुबह जब कुबेर गिरि से पाइप मांगने गए तो कुबेर गिरि के घर के लोग अचानक आगबबूला हो गए और खेत में ही गौतम गिरि पर रॉड से हमला बोल दिया। इस मारपीट में गौतम गिरि के सर पर गंभीर चोटें आईं हैं तथा दोनों पर टूट गए हैं। हमलावरों की पिटाई से गौतम गिरि बेहोश होकर खेत में गिर पड़े। घटना के बाद दूसरे पक्ष के सभी वहां से फरार हो गए। इधर सूचना पाकर मौके पर परिजन पहुंचे और उन्हें उठाकर सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल के परिजनों ने गांव के ही कुबेर गिरि, अमोद गिरि, तारा देवी एवं शोभा देवी पर जानलेवा हमला का आरोप लगाया। मामले में जीबी नगर थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक पीड़ित या उसके परिजनों द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
____________________________________