दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

बेतिया। लोक सभा आम निर्वाचन, 2019 के अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिले में स्वीप गतिविधि के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर मतदाताओं को जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 8 मई 2019 को मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह मोटरसाइकिल रैली पुलिस लाईन बेतिया से प्रारंभ होकर महाराजा स्टेडियम, बेतिया में जाकर समाप्त हुयी। मोटरसाइकिल रैली को उप विकास आयुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला स्वीप कोर कमिटि, रवीन्द्र नाथ प्रसाद सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डीडीसी श्री सिंह द्वारा आम मतदाताओं से अपील किया गया कि 12 मई, 2019 को वे अपने-अपने घरों से निकले और बूथ पर जाकर अपने मत का प्रयोग करें। मतदान प्रत्येक मतदाता का अधिकार होता है। उन्होंने मोटरसाइकिल रैली में शामिल कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में स्वीप एक्टिविटी का महत्वपूर्ण योगदान है। लोकसभा आम निर्वाचन में आम सभी की सहभागिता अत्यंत ही जरूरी है। पश्चिम चम्पारण जिले में शत-प्रतिशत मतदान हेतु आप सभी को और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है ताकि इस जिले में शत-प्रतिशत मतदान संपन्न कराया जा सके। नोडल पदाधिकारी, स्वीप, आशिषm कुमार बरियार ने कहा कि स्वीप कोषांग द्वारा मतदाताओं को जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्येश्य से कई कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। जिसमें चित्रांकन प्रतियोगिता, मेहंदी रचाओं प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, प्रभातफेरी, जागरूकता रैली, रोड पेंटिंग, मतदाता स्टीकर, दीवाल लेखन, स्लोगन साईकिल रैली, मोटरसाईकिल रैली आदि कार्यक्रम शामिल हैं। श्री बरियार ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा है। पश्चिम चम्पारण जिला के ऑफिसियल फेसबुक पेज एवं निर्वाचन कार्यालय के फेसबुक पेज पर निरंतर स्वीप गतिविधियों से संबंधित एक्टिविटी अपलोड किया जा रहा है। इस अवसर पर डीडीसी, रवीन्द्र नाथ प्रसाद सिंह, नोडल पदाधिकारी, स्वीप, आशिष कुमार बरियार, जिला कल्याण पदाधिकारी, आशुतोष शरण, बेतिया सदर एसडीएम, विद्यानाथ पासवान, एसआरजी, सुश्री मेरी एडलिन, स्वीप कार्यकर्ता सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों के कर्मी सम्मिलित हुए। वहीं 7 मई 2019 की देर संध्या आशा कार्यकर्ता, जीविका दीदी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा समाहरणालय परिसर में आकर्षक रंगोली बनायी गयी तथा कैंडल मार्च निकाली गयी।