दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
बेतिया:- बेतिया स्थित छावनी मोहल्ले की युवती ने प्रेमी से शादी करने के बाद एक वीडियो वायरल करते हुए, अपने पिता से बचाने की गुहार लगाते हुए, धमकी देना बंद करने की गुहार लगाई है। विशेष यह कि युवती भी साक्षी मिश्रा की तरह राजनीतिक परिवार से है। साक्षी के पिता की तरह इस मामले में भी युवती के चाचा ने कहा है कि वे दोनों जहां रहें, खुश रहें। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के बरेली के विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की पुत्री साक्षी मिश्रा की कहानी की भांति घर से भागकर एक दलित युवक से शादी करने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया। इसमें उसने पिता से कहा था कि वह शादी कर चुकी है, इसलिए वे धमकी देना बंद करें। साक्षी ने अपने पिता से सोच बदलने की भी गुजारिश की। इसी तर्ज पर बिहार की एक युवती ने भी अपने माता-पिता के नाम एक वीडियो जारी कर ऐसी ही बातें कही है। बेतिया नगर थाना के छावनी मोहल्ला में किराना व्यवसायी नीतेश यादव के साथ घर से भागकर अंतरजातीय शादी करने वाली युवती कृति के अनुसार उन दोनों को उसके परिवार वाले धमकी दे रहे हैं। इस कारण दोनों किसी गुप्त जगह पर हैं। वीडियो में कृति कहती है कि उसके परिवार वाले नीतेश के परिवार को परेशान करना बंद कर दें। युवती कहती है कि अगर उनलोगों या नितेश व उसे कुछ हुआ तो परिवार वाले ही जिम्मेवार होंगे। कृति कहती है कि पुलिस में जाने से कुछ भी हासिल नहीं होगा। वह वीडियो में अपना आधार कार्ड दिखाते हुए कहती है कि वे दोनों बालिग हैं। कहती है कि उन दानों की शादी करने की उम्र है और वह अपने पति के साथ व सुरक्षित है। वीडियो में लव मैरिज करने वाला नितेश अपने ससुर को संबोधित करते हुए वह कहता है, ‘ससुर जी, मान जाइए, परेशान करना बंद कीजिए।’ वीडियो में वह कहता है कि उन दानों ने शादी की है और उसकी पत्नी ने दिखाने के लिए मंगल सूत्र नहीं पहना है। साक्षी की माफ़िक बेतिया की युवती कृति का परिवार राजनीतिक रसूख वाला बताया जा रहा है, कृति की दादी नगर के वार्ड पांच की पार्षद हैं। कृति के चाचा संजय शर्मा कहते हैं कि दोनों बालिग हैं,उन्हें अपने जिंदगी फैसला करने का अधिकार है। उन्होंने कृति व उसके पति से कोई मतलब रखने से इनकार किया, लेकिन यह भी कहा कि वे जहां रहें, खुश रहें।





Recent Comments