
छपरा। सारण जिले के मढ़ौरा स्थित मारुति नंदन एकेडमी मिर्जापुर और मांझी स्थित पाठशाला इंटरनेशनल स्कूल बंगरा में भारत स्काउट एवं गाइड का पाँच दिवसीय प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर उत्साह के साथ चल रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम का संचार करना है। शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं को स्काउट-गाइड के इतिहास, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, गांठ बंधन और स्वच्छता जैसे जीवनोपयोगी विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, उन्हें टीम भावना और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का भी अभ्यास कराया जा रहा है।

शुक्रवार को भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के जिला आयुक्त (स्काउट) अरुण पराशर और जिला कोषाध्यक्ष ज्ञानेंद्र भारद्वाज ने शिविर स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और छात्रों के अनुशासन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ‘सदैव तैयार रहो’ और ‘सेवा ही सर्वोपरि’ के मंत्र को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
मारुति नंदन एकेडमी में प्राचार्य निखिल भारद्वाज एवं निदेशक नित्यानंद द्विवेदी, तथा पाठशाला इंटरनेशनल स्कूल में प्राचार्या अश्मिता सोनी पांडेय एवं निदेशक प्रदीप कुमार पांडेय के नेतृत्व में शिविर का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। विद्यालय के शिक्षकों व स्टाफ का प्रशिक्षण को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।




Recent Comments