दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
श्रम संसाधन विभाग के निदेश के आलोक में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन विधायक नौतन नारायण प्रसाद, सहायक श्रमायुक्त मुजफ्फरपुर संजीव कुमार, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सुधा रानी, श्रम अधीक्षक मनोज कुमार दूबे, प्राचार्य आईटीआई राजीव रंजन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया। संजीव कुमार सहायक श्रमायुक्त, मुजफ्फरपुर द्वारा बताया गया है कि इस एक दिवसीय ग्रामीण श्रमिक प्रशिक्षण को श्रम अधिकार दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी 315 पंचायतों से एक-एक श्रमिक को उनके प्रखंड में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों के सत्यापन पर आमंत्रित किया गया था। उक्त सभी श्रमिकों को विभिन्न श्रम अधिनियमों की जानकारी दी गयी एवं श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के हित में चलायी जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया।
उन्होंने बताया कि उपस्थित श्रमिकों को बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड द्वारा संचालित 15 योजनाओं की जानकारी भी दी गयी और उन्हें बताया गया कि इसका लाभ वे कैसे उठा सकते हैं। श्रम अधीक्षक, बेतिया, मनोज कुमार दूबे द्वारा बिहार शताब्दी योजना के अंतर्गत मृत्यु लाभ, पूर्ण,आंशिक निःशक्तता योजना के बारे में विस्तृत से जानकारी प्रदान की गयी।





Recent Comments