दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-बेतिया। नौतन पुलिस ने सदर एसडीपीओ पंकज कुमार रावत के नेर्तृत्व में नौतन थाना क्षेत्र से अपहृत को मुक्त कराते हुए एक अपराधी को धर दबोचा। वही एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाते भागने में सफल रहा। उक्त मामले की पुष्टि करते हुए बेतिया जयंतकांत ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुआ कि नौतन थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासियों सुकत राम का अपहरण अज्ञात अपराधियों द्वारा कर लिया गया है और अपहरणकर्ताओं द्वारा परिजनों से ₹8 लाख की मांग निरंतर की जा रही है। पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सूचना प्राप्त होते ही अविलम्ब अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर पंकज कुमार रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत सुकत राम को मंगलपुर नुनियार पुल के पास हरि सिंह के ईख के खेत से सकुशल बरामद कर लिया गया एवं घटना में शामिल अपराधियों में से एक अपराधी राजू महतो पिता बाला महतो को एक देसी कट्टा व एक जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा अपराधी नानक महतो फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। सुकत राम ने पुलिस को बताया कि मैं अपना पैसा लेने मंगलपुर गया था। वहां से जब अपने घर आ रहा था। तो रास्ते में मुझे पकड़ के खेत में हाथ-पैर बांधकर रखा गया था और मेरे ही मोबाइल से मेरे घर पर फोन करके पैसा मांगा जा रहा था। पुलिस टीम में बेतिया सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार रावत, नौतन थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सहित तकनीकी सेल के सिपाही शामिल रहे। पुलिस टीम में शामिल सभी को पुरस्कृत किया जाएगा।