दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
पश्चिम चम्पारण ज़िले के मैनाटाँड़ प्रखंड के भारत नेपाल सीमा पर गणतंत्र दिवस को लेकर एसएसबी ने सुरक्षा और जांच को और तेज़ कर दिया है। मंगलवार को 47वीं बटालियन के सेनानायक सोनम छेरिंग और उप सेनानायक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से बार्डर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीमा पर तैनात एसएसबी के अधिकारियों व जवानों को गणतंत्र दिवस को लेकर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिये। उप सेनानायक अमित कुमार ने बताया कि इनरवा, भेड़िहरवा, नगरदेही आदि बीओपी का निरीक्षण किया गया। साथ ही सीमा पार से आने जाने वालों पर कड़ी नज़र रखने को कहा गया है। नेपाल से आने जाने वाले वाहनों की  सघन जांच के निर्देश दे दिए गये हैं जिसके आलोक में तलाशी जारी है । जवानो को रात में नाईट विजन से ड्यूटी करने को कहा गया है। सीमा पर हाई अलर्ट है । सीमा के पास से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्तियों की जांच की जा रही है । स्थानीय पुलिस से समन्वय बनाकर सूचना तंत्र को मजबूत कर बार्डर पर कड़ी निगाह रखी जा रही है।  सीमा पर तैनात जवान किसी भी परिस्थिति से मुकाबला करने को तैयार हैं । उप सेनानायक ने बताया कि सभी बीओपी के अधिकारियों को मादक पदार्थ, ह्यूमन ट्रैफिकिंग सहित किसी भी प्रकार की अप्रिय गतिविधियों पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिये गये हैं।