बीएसएनएल एक्सचेंज में लाखों का केबल काटकर चोरी
दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)। शुक्रवार की रात चोरों के द्वारा दाउदपुर बीएसएनएल एक्सचेंज में लाखों का केबल काटकर चोरी करने का प्रयास किया गया, हालांकि इसी बीच ग्रामीणों व पुलिस के पहुंचने की भनक लगते हीं चोर अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। इस सम्बंध में बीएसएनएल में कार्यरत टीएसएम सोमनाथ यादव ने दाउदपुर थाने में एक लिखित आवेदन दिया है। जिसमें कहा गया है कि शुक्रवार की रात करीब 2 बजे आसपास के ग्रामीणों को बीएसएनएल टॉवर परिसर से कुछ गड़बड़ी होने का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत डायल 112 नम्बर व दाउदपुर थाना पुलिस को फोन करके सूचना दी। सूचना मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंच गई और घेराबंदी कर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया, मगर अंधेरा व कुहासा होने के कारण चोर पुलिस से बचकर भाग निकलने में सफल हो गए। उसके बाद जांच के क्रम में पाया गया कि टावर पर ऊपर से नीचे तक बीएसएनएल के मोबाइल नेटवर्क का करीब 400 मीटर केबल कई टुकड़ों में काट दिया गया है। जिसके बाद से 2जी, 3जी व 4जी का मोबाइल नेटवर्क बाधित हो गया है। इस सम्बंध में दाउदपुर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से एक बाइक बरामद की है, जिसकी जांच की जा रही है।




Recent Comments