अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के 1000 बेड के सामुदायिक केन्द्र के भूमि-पूजन में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री


दैनिक खोज खबर परसा/ सारण – विश्व के सबसे बड़े आई केयर सेंटर के रूप में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के 1000 बेड के सामुदायिक केन्द्र का शनिवार को भूमि-पूजन हुआ। गायत्री परिवार की माता भगवती देवी के अवतरण दिवस के पावन मौके पर मस्तिचक में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अस्पताल निर्माण स्थल पर भूमि-पूजन पट का अनावरण किया। 3 लाख सालाना आई सर्जरी क्षमता का यह अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल सामुदायिक केन्द्र मार्च 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा। शंकरा आई फाउंडेशन, यूएसए के मुख्य सहयोग से बन रहे इस अस्पताल में 19 ऑपरेशन थिएटर और 50 आई एग्जामिनेशन रूम होंगे। यहां केवल निःशुल्क सर्जरी होगी। नया अस्पताल के बनने के बाद सारण जिले के मस्तिचक में 500 बेड के मौजूदा अखंड ज्योति आई हास्पिटल में केवल आईकेयर के सुपर स्पेशियलिटी विभाग होंगे। 700 ओपीडी प्रतिदिन की मौजूदा क्षमता बढ़ाकर 1200 ओपीडी प्रतिदिन किया जाएगा। अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सह संस्थापक और सीईओ मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि बिहार के भोजपुर और भागलपुर में 50-50 हजार सालाना आई सर्जरी क्षमता के नये अस्पताल बनने और पूर्णिया, समस्तीपुर के अलावा यूपी के बलिया जिले में मौजूदा अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के क्षमता-विस्तार के बाद अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की कुल क्षमता 5 लाख सर्जरी सालाना से अधिक की होगी। भूमि-पूजन समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार जैसे राज्य में अखंड ज्योति अनोखा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के विस्तार के लिए राज्य सरकार जमीन मुहैया कराएगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने जन्मजात मोतियाबिन्द की शिकार बच्ची तान्या को अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में निःशुल्क सफल सर्जरी के बाद दवाओं का किट भेंट किया। सूचना एवं प्रावैद्यिकी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने इस अवसर पर कहा कि तालाब के मंदिर के एक कमरे से शुरू हुआ अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल आज इतना विशाल आई हॉस्पिटल बन चुका है। शंकरा आई फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी राधाकृष्णन सुन्दर ने कहा कि 60 हजार डोनरों के सहयोग से उनकी संस्था भारत से ठीक होने योग्य अंधापन दूर करने में सहयोग दे रही है। इस अवसर पर भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार अनंथा नागेश्वरन ने कहा कि विकसित भारत के लिए अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की सफलता और विस्तार आवश्यक है। अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सिंगापुर स्थित वरिष्ठ सलाहकार जयेश पारेख ने इस अवसर पर फुटबॉल टू आईबाॅल प्रोग्राम की चर्चा करते हुए इसे अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल का मुख्य आधार बताया। मंच संचालन छाया और धन्यवाद ज्ञापन अभिषेक कुमार ने किया। इस अवसर पर अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के ट्रस्टी अतुल कुमार, एडवाइजरी बोर्ड चेयरमैन रविकांत, क्लिनिकल एडवाइजरी बोर्ड चेयरमैन डाॅ राजवर्द्धन आजाद, मेडिकल डायरेक्टर डाॅ अजीत पोद्दार, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सुभाष पटवारी, महामंत्री पशुपतिनाथ पांडेय, मुकेश जैन, एन के ठाकुर, पद्मश्री बिमल जैन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।