दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के छपिया गांव में दहेज लोभियों द्वारा दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की हत्या कर दी। मृतिका की पहचान उक्त गांव निवासी विशाल कुमार सिंह की 21 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी 29 अप्रैल 2023 को विशाल कुमार सिंह से हुई थी। मृतिका की मां कौशल्या देवी ने तरैया थाने में अपने दामाद समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई हैं। पीड़िता का कहना है कि वह अपनी हैसियत के अनुसार अंजली की शादी में आभूषण, मोटरसाइकिल और फर्नीचर सहित अन्य सामान दी थी, लेकिन शादी के एक महीने बाद ही ससुराल पक्ष के लोग बुलेट मोटरसाइकिल और 5 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर अंजली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। जब उन्हें इस बात की सूचना मिली तो उन्होंने कई बार ससुराल वालों से मिलकर बेटी को न सताने की गुहार लगाई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ और अंततः 13 सितंबर को एक साजिश के तहत अंजली की हत्या कर दी गई। घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। इधर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। वहीं पुलिस ने मृतिका की मां के बयान के आधार पर दामाद विशाल कुमार सिंह, उसके पिता सुनील सिंह, उदय सिंह, अरुणा देवी, रामबदन सिंह, अंकित कुमार सिंह और स्वामीनाथ सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।