मसौढ़ी(पटना)। भीषण गर्मी के कारण लोग ऐसे ही परेशानी में हैं। उपर से बिजली की किल्लत कोढ़ में खाज साबित हो रहा है। सरकारी दावों के विपरित यहां आपूर्ति की हालत दिनों – दिन खराब होती जा रही है। जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। प्रखंड में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति और भी दयनीय है। घरों में लगे लाईट, कूलर व पंखा आदि उपभोक्ताओं को मुंह चिढ़ाते नजर आते हैं। बिजली आपूर्ति की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहा है। चौबीस घंटे में ग्रामीण क्षेत्रों में चार से पांच घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। कई बार तो दिन – रात इसके दर्शन नहीं होते। बिजली कई घंटे के लिए ही गुल हो जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि शाहाबाद और दरियापुर फिल्टर की बिजली की स्थिति काफी खराब हो चुका है ना तो यहां के अधिकारी फोन का रिस्पांस देते हैंऔर मसौढ़ी के बिजली जेईई है उनका भी फोन नहीं रिसीव हो पाता है, बिजली आपूर्ति में भारी कटौती की जा रही है। जो सरकार के दिशा निर्देशों का उल्लंघन है। ग्रामीणों ने इस मामले में हस्तक्षेप कर सुधार का आग्रह किया। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग चोरी से बिजली जलाने वालों पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूलती है। यह अच्छी व्यवस्था है। लेकिन उपभोक्ताओं से पूरे पैसे वसूल कर नगण्य सेवा प्रदान करना कैसा न्याय है।