
- नमक ,चीनी, पानी का सेवन जरूरी
- मौसमी फलों का करें सेवन साथ ही पानी का करें ज्यादा सेवन
- स्वच्छता का रखें खयाल
- सूती वस्त्र करें धारण
मोतिहारी, 12 अप्रैल।
गर्मियों के महीनों में तेज धूप अधिक समय तक रहने से शरीर से पसीने के रूप में पानी निकलते रहता है। जिसके कारण पानी की कमी हो जाती औऱ शरीर गर्म होने लगता है। इस समस्या में शरीर का नेचुरल कूलिंग सिस्टम काम करना बंद कर देता है। जिससे तापमान 100 डिग्री फॉरेनहाइट से अधिक हो सकता है। इसे हीटस्ट्रोक कहते हैं। अगर शरीर का तापमान 102 डिग्री फॉरेनहाइट से ज्यादा होने लगते तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी होता है यह कहना है जिले के महामारी विशेषज्ञ डॉ राहुल राज का। उन्होंने बताया कि खासकर बच्चों को हीटस्ट्रोक से बचाएं। उन्हें बेवजह धूप में जाने व खेलने से रोकें। जिले में ज्यादा गर्मी पड़ रही है। अतः मौसम को देखते हुए स्कूल अब मॉर्निंग हो चुके हैं। ऐसे में बच्चों को स्कूल की छुट्टियों के बाद बेवजह धूप में चहलकदमी करते, खेलते, साइकिलिंग करते हुए देखा जा रहा है जो उनकी स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। बच्चों के माता पिता को उनकी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। उन्हें नमक, चीनी ,पानी या ओआरएस का सेवन कराना चाहिए । इससे उनके शरीर में पानी की कमी दूर होगी।
मौसमी फलों का करें सेवन साथ ही पानी का करें ज्यादा सेवन-
जिले के सदर अस्पताल में कार्यरत महामारी विशेषज्ञ डॉ राहुल राज ने बताया कि मौसमी एवं रसदार फलों जैसे तरबूज, अँगूर, नारियल, खीरा, बेल के जूस के साथ पानी का थोड़ा ज्यादा सेवन करना चाहिए। भोजन के पूर्व व शौच के बाद हमेशा हाथों को अच्छी तरह साबुन से साफ करना चाहिए। स्वच्छता का खयाल रखना चाहिए, ताकि विषाणु जनित रोगों से बचाव हो सके। गर्मी के मौसम में सूती वस्त्र धारण करना चाहिए, ताकि शरीर से निकलने वाले पसीने जल्द सूख जाएं। ठंडे पानी से स्नान करना चाहिए।
हीटस्ट्रोक के कारण-
हीटस्ट्रोक तेज धूप या ज्यादा गर्मी में बाहर निकलने के कारण होता है। इससे शरीर का तापमान सामान्य से ज्यादा हो जाता है। थायरॉयड असंतुलन और शरीर में ब्लड शुगर के लेवल में कमी से खासतौर पर डायबिटीज के मरीजों को ऐसा हो सकता है। हाई ब्लडप्रेशर या हृदय रोग के मरीज को भी हीटस्ट्रोक हो सकता है।
हीट स्ट्रोक के लक्षण-
. सिरदर्द होना
. चक्कर आना
. त्वचा व नाक का खुश्क हो जाना
. ज्यादा पसीना आना
. मांसपेशियों में ऐंठन व कमजोरी
. उल्टी आना
. ब्लड प्रेशर बढ़ना
. बेहोशी आना
. व्यवहार में बदलाव आना या चिड़चिड़पान।
हीट स्ट्रोक से बचाव को इन बातों का रखें ध्यान-
*खूब पानी पीयें
*हल्का भोजन करें
*खाली पेट न निकलें
- हल्के रंग के ढीले ढाले सूती कपड़े पहनें
*धूप का चश्मा इस्तेमाल करें
*संभव हो तो तौलिया गमछा रखें
*पैरों में आरामदायक जूते या चप्पल जरूर पहनें




Recent Comments