अमनौर(सारण) ।पोल पर खिंची जा रही हाई टेंसन बिजली की तार में उलझनें से बच्चे की मौत के मामले में  बीएसपीटीसीएल कंपनी एवं कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया. मृतक की माता मैना देवी द्वारा दर्ज प्राथमिकी में बीएसपीटीसीएल कंपनी एवं कर्मियों के खिलाफ लापरवाही बरतने के कारण बच्चे की मौत का आरोप लगाया गया है. मालूम हो कि स्थानीय थाना क्षेत्र के रसुलपुर गांव में शनिवार को बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से 33 हजार हाई टेंसन की तार को मुजफ्फरपुर से रसूलपुर पावर ग्रेड से जोड़ने का कार्य चल रहा था.एक पोल से दूसरे पोल पर तार चढ़ाई जा रही थी,जो चढ़ाकर ट्रैक्टर के टौली के माध्यम से खिंचाव कर उसे टाइट किया जा रहा था. तार को अचानक ट्रैक्टर से खिंचाव किया जा रहा था जिसके चपेट मे आकर एक बच्चे की मौत हो गयीं थी. जिससे नाराज ग्रामीणों व परिजनों  ने रसुलपुर स्थित पावरग्रिड के सामने बीएसपीटीसीएल कंपनी एवं कर्मियों के खिलाफ कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया था.मृतक बच्चा स्थानीय थाना क्षेत्र के रसुलपुर नोनिया टोला गांव के भागेश्वर महतो के तेरह वर्षीय पुत्र सरोज कुमार बताया गया है.इधर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक बच्चे की माता मैना देवी द्वारा बीएसपीटीसीएल कंपनी एवं कर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है. मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.