विजय कुमार शर्मा प,च,बिहार

बगहा । नगर थाने के नवकाटोला गांव में बुधवार को मासूम की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस एक्शन में आई। शुक्रवार को पुलिस ने मिट्टी में दफन मासूम के शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम कराया। हालांकि, पोस्टमार्टम के दौरान मौत का कारण सामने नहीं आ सका। इसलिए बेसरा सुरक्षित कर लिया गया। जिसकी फारेंसिक जांच कराई जाएगी। वैसे पंचनामे में गवाहों सहित पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया यह माना है कि उसकी मौत बीमारी की वजह से हुई है। पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि बेसरा को जांच के लिए भेजा जाएगा। जहां से रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि उसकी मौत बीमारी से हुई या उसकी हत्या की गई। उल्लेखनीय है कि बुधवार को नवकाटोला निवासी जितेंद्र महतो की पत्नी निभा देवी ने नगर थाने में आवेदन दिया था कि उसके सात माह के बच्चे को शराब के नशे में धुत उसी के पति ने पीट-पीट कर मार डाला। जिसमें सास-ससुर की भी संलिप्तता है। गुरुवार को पुलिस हरकत में आई और महिला के आवेदन पर पति सहित ससुर व सास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।