मांझी(सारण) । गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय थाना पुलिस ने बलिया मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान फल के नीचे छुपा कर ले जाई जा रही शराब के साथ एक ट्रक सहित एक बोलेरो वाहन को जप्त कर लिया। साथ ही दो लाइनर को गिरफ्तार कर लिया। जिनसे पूछताछ की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सारण एसपी को सूचना मिली कि एक फल लदे ट्रक के अन्दर शराब छुपा कर लाया जा रहा है। एसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा के नेतृत्व मे मांझी के बलिया मोड़ पर जाल बिछा कर सघन जांच अभियान शुरू किया गया। तभी ट्रक को रोक कर चालक से पूछ ताछ की गई तो उसने बताया कि ट्रक पर पपीता लदा है।लेकिन जब गहन छान बीन की गई तो पपीता के नीचे शराब की पेट्टियां दिखाई दी। इस बीच मौका देख कर चालक धीरे से खिसक गया। लेकिन बोलेरो पर सवार दो लाइनर पुलिस के हत्थे चढ़ गये। पूछताछ में बताया कि शराब पंजाब से ट्रक पर लोड कर लाया जा रहा था जिसे सिवान जिले के रघुनाथपुर ले जाना था। गिरफ्तार लोगों मे रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के राजेश प्रसाद एवं गोपालगंज जिला के मीरगंज थाना अंतर्गत कालो पट्टी निवासी बबलू कुमार चौधरी शामिल है। पुलिस ने ट्रक से 790 कार्टून शराब बरामद की है। वहीं गिरफ्तार लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है।